मकर संक्रांति पर दिल्ली में पहली बार दही-चूड़ा का महाभोज


मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सम्पूर्ण जन कल्याण समिति की ओर से दिल्ली में पहली बार हंसराज इंटरनेशनल स्कूल, प्रताप विहार किराड़ी में दही-चूड़ा के महाभोज का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रसिद्ध भोजपुरी गायक गुड्डू रंगीला, फिल्म निर्माता अनिल खत्री, पूर्व विधायक सुरेन्द्र कुमार, पार्षद पुष्पराज एवं सत्यपाल, समाजसेवी नरेश झा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने दही-चूड़े का प्रसाद ग्रहण किया और मकर संक्रांति पर्व की खुशियां बांटी। इस अवसर पर भोजपुरी फिल्मी कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।

मकर संक्रांति उत्सव के दौरान पार्षद पुष्पराज ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हमारी पुरानी परम्पराएं कहीं न कहीं पीछे छूटती जा रही हैं। ऐसे में मकर संक्रांति उत्सव जैसे आयोजनों की महत्ता काफी बढ़ जाती है। पार्षद सत्यपाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से हमारी सभ्यता एवं संस्कृति का प्रचार-प्रसार होता है। इसके लिए सम्पूर्ण जन कल्याण समिति के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं।

समिति के अध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि प्रत्येक पर्व एवं त्यौहार मनाने के पीछे कोई न कोई धार्मिक एवं ऐतिहासिक मान्यताएं हैं। सभी पर्व एवं त्यौहार हमें आपसी सामंजस्य एवं भाईचारे की सीख देते हैं। हमें इन पर्व एवं त्योहारों की मूलभावना को भी आत्मसात करना चाहिए।

कार्यक्रम के आयोजन में सम्पूर्ण जन कल्याण समिति के मुख्य सलाहकार डी. एन. भगत एवं राजेश गहलौत, संयोजक सुनील चैधरी, अध्यक्ष रंजन कुमार, उपाध्यक्ष प्रणित कुमार मिश्रा, महासचिव बंधु कुशवाहा एवं सचिव प्रेम कुमार आदि की प्रमुख भूमिका रही।

Labels: ,